मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के मंगल सानिध्य में भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि का अभिनंदन करते हुए अपने विचार रखे।

आचार्य श्री सौरभ सागर महाराज जी के मंच पर मंगल आगमन के साथ ही पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ पूज्य गुरुदेव का स्वागत किया। उनके चरणों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती की गई। इसके बाद आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री ने अपने अमृत वचनों से श्रद्धालुओं को धर्म, सन्मार्ग और समाज सेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।
समारोह के दौरान जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री के पावन सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जैन समाज ने उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना की गई।
अपने संबोधन में श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पण कर आशीर्वाद ग्रहण किया और सम्मान के लिए जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जैन समाज की अहिंसा के मार्ग पर चलने वाली तथा सामाजिक मूल्यों एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन की संकल्पित जीवनशैली की सराहना की।
मंत्री जी ने कहा कि जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना एवं अनुशासित जीवन शैली को सभी के लिए प्रेरणादायक बताया।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि जैन समाज के जनहितैषी प्रयासों, सामाजिक उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में वे सदैव साथ खड़े रहेंगे तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करते रहेंगे।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, श्री सुरेंद्र जैन, श्री योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर श्री नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ
